चेहरा नहीं, विकास पर चुनाव लड़ेगी भाजपा : पुरंदेश्वरी, पढ़े पूरी खबर - गुरुआस्था न्यूज़

गुरुआस्था समाचार 

रायपुर -  छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य स्वयंसेवकों के प्रशिक्षक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रायपुर पहुंची भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने एक बार फिर दोहराया कि पार्टी किसी चेहरे को आगे करके चुनाव नहीं लड़ेगी। भाजपा विधानसभा चुनाव में विकास को मुद्दा बनाकर जनता के बीच जाएगी। भाजपा ने विकास के काम किए हैं। आगे भी ये जारी रहेंगे। एक दिन पहले ही पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा था कि पार्टी में मुख्यमंत्री पद के लिए कई चेहरे हैं। इसमें से एक छोटा सा चेहरा उनका भी है। 

पुरंदेश्वरी ने संगठन में नियुक्ति में देर पर कहा कि नियुक्ति लगातार चलने वाली प्रक्रिया है। संगठन में बचे हुए पदों पर जल्द नियुक्ति कर दी जाएगी। इसके अलावा कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए बूथ स्तर पर स्वास्थ्य स्वयंसेवकों को तैनात किया जा रहा है। राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड का नाम बदलकर मेजर ध्यानचंद अवॉर्ड करने पर कांग्रेस नेताओं ने आपत्ति जताई है। इस पर पुरंदेश्वरी ने कहा अब तक ये सम्मान किसी एक परिवार के नाम पर ही था। मगर, हम किसी परिवार या जननेता का नहीं, बल्कि उनका सम्मान करते हैं, जिन्होंने उस क्षेत्र में काम किया है। 

पाकिस्तान में मंदिरों को तोड़ने पर उन्होंने कड़ी आपत्ति व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस मामले में पार्टी केंद्रीय नेतृत्व जल्द ही कोई निर्णय लेगा। दिल्ली में मंत्री सिंहदेव समर्थकों की नारेबाजी पर उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मुद्दा है। अब तक वे भाजपा पर आरोप लगा रहे थे। जब किसी पर एक उंगली उठाते हैं, तो तीन उंगली उनकी तरफ भी इशारा करती है।

Comments