Skip to main content

टूलकिट मामला: भाजपा नेताओं ने सिविल लाइन थाना के सामने दिया धरना


 भाजपा नेताओं ने सिविल लाइन थाना के सामने दिया धरना


बिलासपुर– टूलकिट मामले को लेकर इन दिनों प्रदेश की राजनीति गरमाई हुई है। भाजपा नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज कराने और पुलिस द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किए जाने के बाद पूरे प्रदेश में भाजपा नेता स्वयं की गिरफ्तारी देने सरकार को चुनौती दे रहे है। इसी कड़ी में शनिवार को बिलासपुर के सिविल लाइन थाने के सामने भाजपा नेता अपनी गिरफ्तारी देने कुर्सी लगाकर बैठ गए। नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, विधायक डा कृष्णमूर्ति बांधी, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सवन्नी और जिला अध्यक्ष रामदेव कुमावत दोपहर 3 बजे सिविल लाइन थाने पहुंचे, और खुद को गिरफ्तार करने पुलिस से कहा। उसके बाद थाने के बाहर भाजपा के ये नेता कुर्सी लगाकर बैठ गए।

पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा, कि यहां चला चली की सरकार चल रही है, और ढाई ढाई साल की सेटिंग के बाद जब यहां के नेता कुछ नहीं कर पा रहे हैं ,तो उनके द्वारा आलाकमान में नंबर बढ़वाने के लिए ओछी हरकतें की जा रही है। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, कि प्रदेश की सरकार हर मोर्चे पर नाकाम होने के बाद अब षडयंत्र पूर्वक भाजपा को बदनाम कर अपनी रोटी सेकने का काम कर रही है। प्रदेश की जनता ढाई साल के भीतर ही कांग्रेस के सरकार की सच्चाई जान चुकी है, और इसलिए कांग्रेस अब नया हथकंडा अपनाकर भाजपा को बदनाम कर खुद को स्थापित करने की कोशिश कर रही है।

बता दें, कि टूलकिट मामले पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह की मुश्किलें बढ़ती जा रही है और रायपुर की सिविल लाइन पुलिस ने नोटिस जारी कर 24 मई को घर पर रहने के निर्देश दिए हैं।

Comments